छतरपुर: महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में आज पंचम दीक्षांत समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगूभाई पटेल ने की। इस अवसर पर मंत्री दिलीप अहिरवार और छतरपुर विधायक ललिता यादव विशेष रूप से मौजूद रहीं।दीक्षांत समारोह की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर से निकाली गई दीक्षांत शोभा यात्रा से हुई।
इसके बाद राष्ट्रगान, सरस्वती वंदना और कुलगान की प्रस्तुति दी गई। जबलपुर से आमंत्रित पुलिस बैंड पार्टी ने राष्ट्रगान की विशेष प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। कुलगुरु प्रो. राकेश कुशवाह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान मंचासीन अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय की स्मारिका ‘दीक्षावाणी’ का विमोचन भी किया गया।
आज के दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के कुल 278 छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 46 प्रतिभागियों को स्वर्ण पदक और 19 शोधार्थियों को डॉक्टरेट की उपाधि राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा प्रदान की गई। उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों ने शपथ ग्रहण कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया, जबकि प्रो. खेमसिंह डहेरिया ने दीक्षांत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाने का संदेश दिया।
