
भोपाल। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन से भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत भोपाल में “डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सिम्युलेटरी स्पेस सेंटर” की स्थापना का प्रस्ताव सौंपा।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने बताया कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित पीएमजेवीके योजना अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं में विज्ञान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से यह केंद्र स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान, उपग्रह तकनीक तथा आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से परिचित कराया जाएगा। यह प्रदेश का पहला स्पेस सेंटर होगा, जो युवाओं को अंतरिक्ष और तकनीकी क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा तथा विज्ञान शिक्षा को नई दिशा देगा।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक तकनीकी सहयोग और वित्तीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि योजना का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में विज्ञान आधारित सशक्त युवा शक्ति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
