सिंगरौली: कोतवाली क्षेत्र बैढ़न में कबाड़ माफियाओं की सक्रियता इतनी बढ़ गई है कि वें बेखौफ होकर बिजली के लोहे के खम्भों को भी नही बख्श रहे हैं। ताजा मामला एक पिकअप का है। जहां करीब 1600 किलो एचबीएम बिजली खम्भे को जप्त किया गया हैं। आखिरकार कौन कबाड़ माफिया है, जिसके यहां बिजली खम्भो को कटवाने का दुस्साहस किया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार अनूप कनौजिया पिता राजबली कनौजिया निवासी रिलायंस पावर प्लांट सासन गार्ड, एसएसएमएस सुरक्षा सुक्योरिटी कंपनी बैढ़न द्वारा सूचना दी गई कि कन्वेयर बेल्ट रोड हिर्रवाह बड़ी पुलिया के पास 8-10 संख्या में कबाड़ी खाली खड़े लोहे के खम्भों को गैस कटर की मदद से काटकर पिकअप में लोड कर ले जा रहे हैं।
जिसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने बल को रवाना किया और कोतवाली पुलिस स्टाफ और रिलायंस सुरक्षा गार्ड के सहयोग से घेराबंदी कर पिकअप क्रमांक यूपी 64 सीटी 4847 और परिचालक कीर्तन साकेत उर्फ निरंजन साकेत को दबोचा गया। पिकअप के अंदर 20 की संख्या में कटे हुए बिजली के लोहे के खंभे के टुकड़े थे, आरोपी पिकअप परिचालक कीर्तन साकेत पिता कुंज बिहारी साकेत उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम अजगुढ़ थाना मोरवा से पूछतांछ पर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। जिसके आधार पर प्रकरण में अग्रिम विवेचना कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
सीसीटीव्ही कैमरे को खंगालने की उठी मांग
सूत्र बताते हैं कि कन्वेयर बेल्ट हिर्रवाह के पास पिकअप वाहन में बिजली के खम्भे थे। जहां पिकअप वाहन में करीब आधा दर्जन लोग भी सवार थे। इतने बिजली खम्भे को अकेले एक व्यक्ति नही काट सकता। सूत्र यहां तक बता रहे हैं कि जिस स्थल पर पुलिस पिकअप वाहन को बरामद करने की बात की है, वहां सीसीटीव्ही कैमरे भी रिलायंस पावर प्लांट की ओर से लगाया गया है। यदि सीसीटीव्ही कैमरे की खंगाल कर जांच की जाये तो कई कबाड़ कारोबारियों के नाम उजागर हो सकते हैं।
