
भौंरा। समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत मंगलवार को भौंरा पुलिस ने बस स्टैंड परिसर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों, व्यापारियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
पुलिस हेड कांस्टेबल केएल नागले ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, विशेषकर युवाओं को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। अभियान के दौरान नागरिकों को यह भी समझाया गया कि यदि क्षेत्र में कहीं अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
भौंरा पुलिस के अनुसार नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत क्षेत्र में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त और सुरक्षित समाज की स्थापना करना है।
