यूपी टी20 लीग के मैचों की तैयारियों की मंडलायुक्त ने की समीक्षा

कानपुर, (वार्ता) उत्तर प्रदेश टी20 लीग के आगामी मैचों की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडलायुक्त सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं लीग पदाधिकारियों की बैठक हुई।

बैठक में 28 अगस्त से छह सितंबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाले 12 मैचों और फाइनल मुकाबले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को ग्रीन पार्क और आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, सीवर एवं नालियों की सफाई कराने तथा पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। बंदरों और आवारा कुत्तों से बचाव के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए केस्को अधिकारियों को स्टेडियम का पूर्व निरीक्षण कर कमियां दूर करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ मोबाइल ट्रांसफार्मर समेत वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को पेड़ों और झाड़ियों की आवश्यक छंटाई कर दर्शकों एवं खिलाड़ियों की आवाजाही सुगम बनाने को कहा गया।

पुलिस एवं यातायात विभाग को मैचों के दौरान प्रभावी यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने प्रवेश और निकास मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग को स्टेडियम एवं आसपास अग्नि सुरक्षा के सभी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने पेयजल, प्रकाश, शौचालयों की साफ-सफाई समेत अन्य नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों के सामने कानपुर की बेहतर छवि प्रस्तुत हो, इसके लिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, सीएफओ दीपक शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, यूपी टी20 लीग के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर, नोडल अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव, सीईओ अंकित चटर्जी, सेक्रेटरी प्रेम मनोहर गुप्ता, सचिन शुक्ला समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए गणपति विशेष ट्रेनें

Wed Aug 19 , 2026
मुंबई, (वार्ता) गणेश उत्सव के मद्देनजर कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान और सरल बनाने के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) मडगांव और नागपुर जंक्शन-मडगांव मार्ग पर विशेष ट्रेनें चलायी जायेंगी। ट्रेन नंबर 01003, जो एलटीटी से मडगांव के लिए एक विशेष सेवा है, हर सोमवार को चलेगी। […]

You May Like