प्रयागराज से राहुल के कार्यक्रम का 250 जगह से होगा सीधा प्रसारण 

नयी दिल्ली, 07 अगस्त (वार्ता) युवा कांग्रेस लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आठ अगस्त को प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का देशभर में 250 से अधिक स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण कराएगी। इसके लिए ‘स्टूडेंट्स गूंज पार्क’ नाम से अस्थायी सार्वजनिक स्थल बनाए जाएंगे, जहां छात्र और युवा एकत्र होकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को यहां बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों और छात्रों के प्रमुख केंद्रों में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।

संगठन का कहना है कि इसका उद्देश्य प्रयागराज में हो रही चर्चा को देशभर के छात्रों तक पहुंचाना और शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भर्ती से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर संवाद शुरू करना है।संगठन के प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि श्री गांधी लगातार शिक्षा व्यवस्था की खामियों और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय का मुद्दा उठाते रहे हैं। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि इस पहल से प्रयागराज से दूर बैठे छात्र भी इस संवाद का हिस्सा बन सकेंगे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को सामूहिक आवाज मिलेगी।

युवा कांग्रेस सोशल मीडिया चेयरमैन मनु जैन ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और श्री गांधी से जुड़े विषयों को सोशल मीडिया पर दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि ऑनलाइन माध्यमों पर आवाज दबाई जाएगी तो युवा कांग्रेस उसे सीधे छात्रों के बीच लेकर जाएगी। युवा कांग्रेस ने बताया कि ‘स्टूडेंट्स गूंज पार्क’ देशभर में 250 से अधिक स्थानों पर बनाए जाएंगे। बाढ़ प्रभावित राज्यों को फिलहाल इस अभियान से बाहर रखा गया है।

.....

Next Post

संत रविदास ने सम्पूर्ण समाज को दिया सामाजिक समरसता संदेश–गोपीनाथ नेमा

Fri Aug 7 , 2026
ग्वालियर दिनांक 7 अगस्त शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की मासिक बैठक का आयोजन सिटी सेंटर स्थित होटल गामोरा में किया।!संत शिरोमणि गुरु रविदास जी जयंती के 650 वर्ष पूर्ण होने पर एवं “घर घर तिरंगा हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के निमित्त आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य […]

You May Like