इंदौर: फरार कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी की मदद के आरोप में गिरफ्तार उसकी बेटी आयशा को सेशन कोर्ट से जमानत नहीं मिली. पुलिस ने उसे 28 जुलाई को दिल्ली से पकड़ा था, जबकि उसका पिता मौके से फरार हो गया था. तभी से आयशा जेल में बंद है.इंदौर पुलिस ने 28 जुलाई को दिल्ली में दबिश देकर आयशा कादरी को गिरफ्तार किया था. आरोप है कि वह अपने फरार पिता अनवर कादरी उर्फ डकैत के साथ रह रही थी और उसकी मदद कर रही थी.
दबिश के दौरान अनवर वहां से भाग निकला, जबकि आयशा पुलिस के हत्थे चढ़ गई. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगी, जिस पर 5 अगस्त तक की रिमांड मिली. रिमांड अवधि खत्म होने पर पुलिस ने छह दिन का और समय मांगा, जो अदालत ने मंजूर किया. 11 अगस्त को आयशा ने जमानत अर्जी दायर की, लेकिन सेशन कोर्ट ने 12 अगस्त को इसे खारिज कर दिया.
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में लव जिहाद मामले में फंडिंग के आरोपों को लेकर अनवर कादरी पर इनाम घोषित किया था. उसकी तलाश में पुलिस ने इंदौर के अलावा महाराष्ट्र में रिश्तेदारों के घरों पर भी दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया. जांच में आयशा और अनवर की कॉल डिटेल सामने आई, जिसमें दोनों फर्जी सिम कार्ड के जरिए परिवार से संपर्क कर रहे थे.
