हरियाणा और दिल्ली ने मणिपुर को हराकर सेपक टकरा टीम वर्ग का स्वर्ण पदक जीता

दीव, 21 मई (वार्ता) हरियाणा और दिल्ली की महिला और पुरुष वर्ग की ट्रीयो टीम ने बुधवार को वर्षा बाधित फाइनल मुकाबले में पारंपरिक सेपक टकरा की मजबूत मणिपुर को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किये।
आज यहां घोघला बीच पर खेले गये दोनों फाइनल में बारिश के कारण एक घंटे का ब्रेक रहा। महिलाओं के फाइनल में हरियाणा ने अनुभवी मणिपुर की टीम के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल की। मणिपुर को भारत में सेपक टकरा का गढ़ माना जाता है। कप्तान 20 वर्षीय मोनिका की अगुवाई में हरियाणा की महिला सेपक टकरा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष सम्मान हासिल किया।
मैच के बाद मोनिका ने कहा, “टीम के लिए यह जीत हासिल करना और स्वर्ण पदक जीतना मुझे बहुत खुशी है। हमें पता था कि वे मजबूत हैं, लेकिन हमने अपना दबदबा नहीं खोया।”
उन्होंने अपनी जीत का श्रेय चरखी दादरी, भिवानी और रोहतक जैसे शहरों में की गई कड़ी आउटडोर प्रैक्टिस को दिया। उन्होंने कहा, “हम आउटडोर ग्राउंड पर ट्रेनिंग करते हैं, जिससे हमें बीच की सतह के हिसाब से ढलने में मदद मिली। यह मंच हमें काफी बढ़ावा देगा।”
वहीं पुरुष वर्ग में दिल्ली ने रोमांचक फाइनल में मणिपुर को 2-1 से हराया। दिल्ली टीम के कप्तान 35 वर्षीय संदीप कुमार ने बताया कि अचानक परिस्थितियों में आए बदलाव ने कैसे अहम भूमिका निभाई।
दिल्ली में यमुना नदी के किनारे मजनू का टीला के पास टीम के साथ अभ्यास करने वाले संदीप ने कहा, “बारिश से पहले हम पहला रेगुलेशन हार गए थे, लेकिन मौसम हमारे पक्ष में हो गया।”
उन्होंने कहा, “खेलो इंडिया बीच गेम्स एक बेहतरीन मौका है। हम स्वर्ण जीतने के स्पष्ट लक्ष्य के साथ आए थे। मणिपुर हमेशा से एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी रहा है, लेकिन हम भी मजबूत हैं। दोनों टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण पदक साझा किए हैं।”
इस प्रतियोगिता में मणिपुर ने दो हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। नागालैंड और उत्तर प्रदेश ने महिलाओं ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि असम और तमिलनाडु ने पुरुषों की स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

Next Post

झिरनो मन्दिर का धूमधाम से मनेगा 75वाँ स्थापना दिवस

Wed May 21 , 2025
भोपाल।पंचायत कमेटी ट्रस्ट भोपाल के अध्यक्ष मनोज बांगा एवं मंत्री मनोज आर एम ने बताया कि विगत 14 मई से चल रहे सम्यक ध्यान शिविर का आज विधिवत समापन चौक धर्मशाला में हुआ। इस शिविर के माध्यम से अनेक शिवरार्थी ने योग का एक नया रूप जाना। ट्रस्ट के मंत्री […]

You May Like