विंडहोक, 16 जनवरी (वार्ता) रॉब ओ’ब्रायन (79 ) और फ्रेडी ओगिल्बी (49) की जुझारू पारियों के दम पर आयरलैंड ने शुक्रवार को पुरुष अंडर-19 विश्व कप के पांचवें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सात विकेट पर 235 रन का सम्मानजक स्कोर बना लिया । आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड के लिए फ्रेडी ओगिल्बी और जेम्स वेस्ट की सलामी जोड़ी ने धीमी शुरुआत के साथ पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। 10वें ओवर में जॉन जेम्स ने जेम्स वेस्ट (11) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद 18वें ओवर में सेबेस्टियन डिज्क्स्ट्रा (12) रन बनाकर पवेलियन लौट गये।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये रॉब ओ’ब्रायन ने फ्रेडी ओगिल्बी के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान विल मलाजुक ने फ्रेडी ओगिल्बी (49) को आउटकर आयरलैंड को तीसरा झटका दिया। एडम लेकी (22) और मार्को बेट्स (14) रन बनाकर आउट हुये। आयरलैंड का छठा विकेट रॉब ओ’ब्रायन के रूप में 49वें ओवर में गिरा। रॉब ओ’ब्रायन ने 98 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 79 रन बनाये। आयरलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 235 रन का सम्मानजक स्कोर बना लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए चार्ल्स लचमुंड ने तीन विकेट लिये। बेन गॉर्डन, जॉन जेम्स और विल मालाजुक ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

