नयी दिल्ली 13 अगस्त (वार्ता) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को देशभक्ति की धुनों से सरोबार करने के लिए सशस्त्र बलों , सशस्त्र पुलिस बलों तथा कई अन्य बलों के बैंड राजधानी के अनेक महत्वपूर्ण स्थानों पर श्रृंखलाबद्ध प्रस्तुतियों का आयोजन करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी के महत्वपूर्ण स्थानों पर सशस्त्र बलों , केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल , रेलवे सुरक्षा बल और राष्ट्रीय कैडेट कोर के बैंड की श्रृंखलाबद्ध प्रस्तुतियां होंगी। ये संगीतमय कार्यक्रम देश के उत्सव में लय तथा भव्यता जोड़ेंगे और नागरिकों को देशभक्ति से सराबोर करेंगे जहां दर्शक कला और उमंगभरी धुनों का आनंद ले सकेंगे।
ये प्रस्तुति इंडिया गेट पर थल सेना बैंड, कनाट प्लेस सेंट्रल पार्क पर नौसेना बैंड, कर्तव्य पथ पर वायु सेना बैंड, कुतुब मीनार पर राष्ट्रीय कैडेट कोर बैंड, विजय चौक पर केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल बैंड,पुराना किला पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बैंड, लाल किला पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल बैंड, केन्द्रीय विद्यालय सेक्टर 8, आर.के.पुरम में सशस्त्र सीमा बल बैंड, राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर सीमा सुरक्षा बल बैंड , निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल बैंड और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल बैंड द्वारा की जायेंगी।
केन्द्रीय पुलिस बल बैंड भारत के विभिन्न अर्द्धसैनिक और पुलिस बलों का प्रतिनिधित्व करते हैं जिनमें केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल , सीमा सुरक्षा बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के बैंड शामिल हैं। ये अपने कार्यक्रमों के माध्यम से परंपरा और आधुनिकता का अनूठा सैन्य बैंड सम्मिश्रण प्रस्तुत करते हैं। रेलवे सुरक्षा बल बैंड रेलवे की सुरक्षा की भावना को स्वर देता है, वहीं राष्ट्रीय कैडेट कोर बैंड अपने बैंड प्रदर्शन के माध्यम से देश के युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करता है।
इस वर्ष के प्रदर्शन पारंपरिक स्थलों से आगे बढ़कर मुख्य सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और सांस्कृतिक केंद्रों में होंगे। इस दौरान दर्शक देशभक्ति के गीतों, सैन्य संगीत और शास्त्रीय रचनाओं के समृद्ध प्रस्तुतीकरण का आनंद लेंगे जिससे गौरव और सामूहिक एकता की भावना पैदा होगी।
ये बैंड न केवल स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सम्मानित करेंगे, बल्कि एकता और देशभक्ति की भावना को मज़बूत भी करेंगे। यह आनंददायक और प्रेरणादायक संगीत भारत की विविध सांस्कृतिक धरोहर और रक्षकों के अनुशासित समर्पण की याद दिलाएगा।
दिल्ली में होने वाले ये बैंड प्रदर्शन स्वतंत्रता दिवस समारोह को और शानदार बनाने के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का हिस्सा हैं। इस तरह की प्रस्तुतियां 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और 96 शहरों में भी होंगी।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देशवासियों को इस अद्भुत संगीत और देशभक्ति के संगम को देखने के लिए आमंत्रित किया जाता है। चाहे वह इंडिया गेट हो, कनॉट प्लेस हो या अन्य कोई स्थल इन बैंड की सुमधुर और प्रबल धुनें स्वतंत्रता दिवस को अविस्मरणीय बना देंगी। ये प्रस्तुतियां शाम पांच बजे शुरू होंगी।
