जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और ईंधन संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए, भारत सरकार और संबंधित प्राधिकरणों द्वारा विशेष दिशा-निर्देशो का पालन किया जाए। ईंधन की खपत कम हो। इसके लिए अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र आपसी समन्वय से वाहन साझा करने की पद्धति अपनाएं एवं विश्वविद्यालय परिसर के भीतर आगमन के लिए ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिक साइकिल/पैडल साइकिल के उपभोग को प्राथमिकता दी जाए।
ये आव्हान कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा की ओर से की गई है। शनिवार को कुलसचिव डाॅ. रविशंकर सोनवाल ई-रिक्शा के माध्यम से विश्वविद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी पत्र के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय परिसर में परिवहन से होने वाली ईंधन खपत को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाये जायेंगे।
उन्होंने विश्व भर में ऊर्जा सुरक्षा के दृष्टिगत ईंधन के युक्तियुक्त उपयोग को प्राथमिकता दिये जाने हेतु विश्वविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि यथा सम्भव सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। अधिकारिक बैठकों और कार्यों के लिए यथा सम्भव वीडियों कान्फ्रेंसिंग का उपयोग किया जावे एवं जारी निर्देशों का पालन किया जाए।
