इंदौर: शहर में लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को लू और गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है.मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि तेज गर्मी और लू के कारण पसीना बंद होना, त्वचा का गर्म व सूखी हो जाना, सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, थकान और बेहोशी जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं.
ऐसे संकेत मिलने पर तुरंत अस्पताल में संपर्क करने की सलाह दी गई है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, खाली पेट न रहने और चाय कॉफी व शराब के सेवन से बचने को कहा है. साथ ही हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनने और सिर ढककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है. बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने की भी अपील की गई है. जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और छाता व धूप के चश्मे का उपयोग करें. डॉक्टर हसानी ने बताया कि ओआरएस, नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और फलों के रस का सेवन शरीर को गर्मी से बचाने में मददगार है.
