नई दिल्ली, 13 दिसंबर, 2025: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ने के चलते GRAP-3 (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का तीसरा चरण) लागू कर दिया गया है। शनिवार को दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। कम हवा की रफ्तार, स्थिर वायुमंडलीय हालात और प्रतिकूल मौसम को AQI बढ़ने की प्रमुख वजह बताया गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली में घनी धुंध छाई रही और राजधानी का AQI 401 तक पहुंच गया। CPCB के कुल निगरानी स्टेशनों में से 21 पर AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जिनमें वजीरपुर (445), विवेक विहार (444) और जहांगीरपुरी (442) जैसे क्षेत्र सबसे अधिक प्रदूषित रहे।
स्थिति को और खराब होने से रोकने के लिए CAQM (कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट) की उप-समिति ने GRAP स्टेज-3 लागू करने का फैसला लिया है। इसके तहत सभी प्रतिबंध पूरे दिल्ली-एनसीआर में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। अगले छह दिनों तक भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बने रहने के आसार हैं।

