सतना: शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी आबकारी इलाके में अधिवक्ता के घर में हुई भीषण चोरी की घटना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचवे आरोपी को दबोच लिया है. जिसके कब्जे से 3 लाख रु का नकदी सहित सोने-चांदी के गहने बरामद होने का दावा किया गया है. लेकिन इसके बावजूद अब भी चोरी हुए सामान का काफी हिस्सा बरामद होना शेष बताया जा रहा है.
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरानी आबकारी वार्ड क्र. 41 निवासी रावेंद्रनाथ श्रीवास्तव के आवास में दो महीने पहले चोरी की घटना सामने आई थी.
इस मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 6-7 अप्रैल को 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं घटना से संबंधित फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. इसी कड़ी में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरार आरोपी राहुल वंशकार पिता फुदूली उम्र 24 वर्ष निवासी देवखर अतरैला जिला रीवा और हाल निवास सरस्वती विद्यालय के पीछे हवाई पट्टी कृष्ण नगर सतना को दबोच लिया. पकड़ा गया आरोपी चोरी की उक्त घटना में पूरे समय साथ में रहा था.
