अनिश्चित वैश्विक परिवेश में भी फल-फूल रही है भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी:मुर्मु

नयी दिल्ली 13 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिंगापुर को भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर विज़न और हिन्द प्रशांत विज़न में एक प्रमुख साझीदार बताते हुए कहा है कि अनिश्चित वैश्विक परिवेश में भी भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी फल-फूल रही है।

भारत की यात्रा पर आये सिंगापुर के उप-प्रधानमंत्री एवं व्यापार तथा वाणिज्य मंत्री गाम किम योंग के नेतृत्व में सिंगापुर के एक मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को यहां राष्ट्रपति भवन में श्रीमती मुर्मु से भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन (आईएसएमआर) की तीसरी बैठक के लिए राजधानी दिल्ली में है।

श्रीमती मुर्मु ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि अनिश्चित वैश्विक परिवेश में भी भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी फल-फूल रही है। उन्होंने बातचीत के दौरान इस वर्ष के शुरु में द्विपक्षीय संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम की राजकीय यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आईएसएमआर सहित उच्चतम स्तरों पर इस तरह की नियमित बातचीत दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को निरंतर गति प्रदान करेगी।

राष्ट्रपति ने पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के बाद आतंकवाद के विरुद्ध सिंगापुर के दृढ़ रुख की सराहना की।

श्रीमती मुर्मु ने कहा कि सिंगापुर भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर विज़न और हिन्द प्रशांत विज़न में एक प्रमुख साझेदार है। व्यापार, निवेश, रक्षा, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच मज़बूत साझेदारियां हैं। उन्होंने कहा कि यह संतोष की बात है कि इस साझेदारी का दायरा अब कौशल विकास, हरित अर्थव्यवस्था और वित्तीय प्रौद्योगिकी जैसे सहयोग के उभरते क्षेत्रों में भी बढ रहा है।

 

 

 

Next Post

दलीप ट्रॉफी में किरण पोवार होंगे पश्चिम क्षेत्र के कोच

Wed Aug 13 , 2025
मुम्बई, 13 अगस्त (वार्ता) पश्चिम क्षेत्र ने 28 अगस्त से बेंगलुरु में होने वाले दलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट के लिए मुम्बई के पूर्व बल्लेबाज किरण पोवार को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। पश्चिम क्षेत्र के संयोजक अभय हडप ने आज यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, “टीम का नेतृत्व पेशेवरों […]

You May Like