
नयी दिल्ली 05 जून (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त संस्था इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ मुएथाई एसोसिएशन आईएफएमए द्वारा अंटालिया टर्की में आयोजित सीनियर वर्ल्ड म्यू थाई चैंपियनशिप में भारत के म्यू थाई खिलाडियों ने तीन कांस्य पदक जीते।
राजस्थान के साहिल ने दो कांस्य पदक एक टीम और एक व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता। राजस्थान के ही आदित्य देवन्दा, छत्तीसगढ़ की टिकेश्वरी साहू और अरुणाचल की पनि मंजू जोराम ने एक-एक कांस्य पदक जीता। अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने प्रदेश की पनि मंजू जोराम सहित पदक जीतने वाले म्यू थाई खिलाडियों को बधाई दी है।
यूनाइटेड म्यू थाई एसोसिएशन इण्डिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बुधवार को बताया कि वर्ल्ड म्यू थाई चैंपियनशिप 23 मई से एक जून तक अंटालिया टर्की में हुई थी। वर्ल्ड म्यू थाई चैंपियनशिप में भारत के 13 सदस्यीय दल ने यूनाइटेड म्यू थाई एसोसिएशन इण्डिया के महासचिव श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में भाग लिया और तीन कांस्य पदकों के साथ भारतीय टीम आज स्वदेश लौटी है।
