अमेरिका के कोलोराडो में हुए आतंकी हमले में घायलों की संख्या बढ़कर 15 हुयी

डेनवर 05 जून (वार्ता) अमेरिका के कोलोराडो राज्य के बोल्डर शहर में हुए आतंकवादी हमले में घायलों की संख्या बढ़कर 15 हो गयी है।

 

बोल्डर काउंटी प्रेस सेवा ने यह जानकारी दी है।

 

स्थानीय पुलिस ने रविवार को बताया कि बोल्डर में हुए हमले में कई लोग घायल हुए हैं। कथित तौर पर मोलोटोव कॉकटेल के साथ एक अज्ञात व्यक्ति ने गाजा पट्टी में बचे हुए इजरायली बंधकों के समर्थन में एक प्रदर्शन के दौरान लोगों पर हमला किया।

 

मीडिया ने बताया कि हमले में 52 से 88 वर्ष की आयु के आठ लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर है।

 

अधिकारियों ने बुधवार को कहा, ‘अद्यतन जानकारी प्राप्त करने के बाद अब 15 व्यक्ति और एक कुत्ता (कुल 16) पीड़ित हैं। इन पीड़ितों की विशिष्ट आयु सबसे कम उम्र से लेकर सबसे अधिक उम्र तक 25 से 88 वर्ष है। पीड़ितों में आठ महिलाएं हैं और सात पुरुष हैं।’

 

सीबीएस न्यूज़ ब्रॉडकास्टर ने बताया कि कोलोराडो में एक संघीय न्यायाधीश ने अस्थायी रूप से आव्रजन अधिकारियों को बोल्डर हमले के संदिग्ध मोहम्मद सबरी सोलिमन के परिवार को निर्वासित करने से रोक दिया। अमेरिकी विदेश विभाग ने सोलिमन की पत्नी और पांच बच्चों के वीजा रद्द कर दिए हैं।

 

ब्रॉडकास्टर ने अमेरिकी जिला न्यायाधीश गॉर्डन गैलाघर के हवाले से कहा है कि अदालत ने पाया कि बिना प्रक्रिया के निर्वासन अपूरणीय क्षति पहुंचा सकता है और इस स्थिति की तात्कालिकता के कारण बिना किसी सूचना के आदेश जारी किया जाना चाहिए।

 

कोलोराडो जिले के अटॉर्नी जे. बिशप ग्रेवेल ने सोमवार को कहा कि संदिग्ध हमलावर मिस्र का नागरिक मोहम्मद सबरी सोलिमन एक साल से हमले की योजना बना रहा था। उन्होंने कहा कि सबरी सोलिमन पर घृणा अपराध और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया जा रहा है।

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि बोल्डर में हुए जैसे हमले देश में बर्दाश्त नहीं किए जाते हैं और यह एक और उदाहरण प्रस्तुत करता है कि सीमाओं को सुरक्षित करने की आवश्यकता क्यों है।

 

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक अलग बयान में कहा कि सभी आतंकवादियों को देश से बाहर निकाल दिया जाएगा।

Next Post

तुर्की में आईएस का एक सदस्य गिरफ्तार

Thu Jun 5 , 2025
इस्तांबुल 05 जून (वार्ता) तुर्की पुलिस ने बुधवार को इस्तांबुल हवाई अड्डे पर आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।   स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी है। गिरफ्तार व्यक्ति आंतरिक मंत्रालय की मोस्ट-वांटेड आतंकवादी संदिग्धों की सूची में था।   डेमिरोरेन समाचार एजेंसी के […]

You May Like