सिंगरौली: एकीकृत आवास एवं मलिन बस्ती विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आवास आंवटन एवं जमा राशि में अनियमितता किये जाने को लेकर दर्जन भर हितग्राही आज ननि आयुक्त एवं मेयर के यहां लिखित शिकायत करते हुये जांच कराकर कार्रवाई किये जाने की मांग की है।मोरवा नगर के नगीना शर्मा, रीमा यादव, रोहित कुमार, नीलम गुप्ता, विनोद विश्वकर्मा, मधु देवी समेत दर्जन भर हितग्राहियों ने निगमायुक्त के नाम पत्र लिखकर ननि दफ्तर में पहुंचे और मेयर से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया है।
हितग्राहियों ने बताया है कि नपानि के द्वारा संचालति एकीकृत आवास एवं मलिन बस्ती कार्यक्रम के अंतर्गत आवास प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था तथा निर्धारित राशि नगर निगम में जमा कराई गई थी। मौके पर भुगतान की रसीद एवं अन्य दस्तावेज उपलब्ध है। हितग्राहियों ने आगे बताया कि नपानि के तत्कालीन प्रभारी रणबहादुर सिंह के निर्देशानुसार आवेदन, दस्तावेज एवं राशि ननि परिसर में संचालित ग्राहक सेवा केन्द्र के संचालक अरूण गुप्ता के पास जमा कराया गया था। पिछले माह 27 जून को बिना किसी पूर्व लिखित सूचना या नोटिस के आवासो में ताला लगा दिया गया।
जानकारी लेने पर तत्कालीन प्रभारी द्वारा मौखिम रूप से बताया गया कि दस्तावेज सही नही है और आवास खाली करना होगा। जबकि इस संबंध में कोई आदेश या नोटिस अथवा दस्तावेजो में कमी का विवरण उपलब्ध नही कराया गया। जबकि आवास के लिए 80-80 हजार रूपये जमा किये थे। जबकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार अभिलेखो में केवल 30-30 हजार रूपये की राशि जमा होना बताया जा रहा है। इसमें जमा राशि एवं कार्यालयीन अभिलेखो में गंभीर विसंगति प्रतीत हो रही है। हितग्राहियों ने निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है और कहा है कि तत्कालीन प्रभारी हम लोगों का मोबाइल लेकर रसीद को डिलिट मार दे रहे हैं। महापौर ने कहा कि किसी के भी साथ अन्याय नही होने दिया जाएगा। इसकी जांच कराई जाएगी। जो गड़बड़ी मिलने पर दोषी को बक्शा नही जाएगा। फिलहाल यदि हितग्राहियों के आरोप सही हैं तो नगर निगम की किरकिरी होना तय माना जा रहा है।
