
नई दिल्ली, 02 दिसंबर, 2025: कुवैत से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को “ह्यूमन बम” होने की धमकी मिलने के बाद मुंबई डायवर्ट कर दिया गया है। यह धमकी दिल्ली एयरपोर्ट पर एक विस्तृत ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसे अधिकारियों ने बेहद गंभीर माना। खतरे के कारण उड़ान भरते ही विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया, जिससे एयरपोर्ट अथॉरिटी में हड़कंप मच गया।
मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
धमकी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत हाई अलर्ट पर आ गया और मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। स्पेशल सिक्योरिटी टीमें और इमरजेंसी रेस्पॉन्डर पूरी तरह तैयार हैं। अधिकारी पूरे मामले पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। खबर लिखे जाने तक विमान में यात्रियों की संख्या या एयरलाइन के आधिकारिक बयान को लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई थी।
लगातार मिल रही बम धमकियों का सिलसिला
यह ऐसी पहली घटना नहीं है। इससे एक दिन पहले, सोमवार को भी महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके में एक प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जो बाद में झूठी (होक्स) निकली थी। हालांकि, अधिकारियों ने इस ताज़ा धमकी को बेहद संवेदनशील मानते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बनाए रखी है।
