अनूपपुर: कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम छुल्हा में बहोरी साहू (45) ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि साहू ने 15 अगस्त को किसी मामले को लेकर कोतमा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की। इसी से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण और परिजन शव को फांसी के फंदे से उतारने को तैयार नहीं हुए और थाने पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात है। वहीं पूर्व विधायक सुनील सराफ भी घटनास्थल पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
