
बुरहानपुर। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के बुरहानपुर प्रवास के दौरान विधानसभा क्षेत्र के लिए की गई महत्वपूर्ण सडक़ विकास संबंधी घोषणाओं के क्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस के सतत एवं प्रभावी प्रयासों से बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण ग्रामीण सडक़ परियोजनाओं को प्रदेश सरकार के अनुपूरक बजट में शामिल करते हुए कुल 29.40 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के शामिल होने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ संपर्क,कृषि परिवहन और आधारभूत अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा तथा लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर विधानसभा के विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और क्षेत्रहित में अधिकाधिक विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सडक़ संपर्कए किसानों को सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने तथा गांवों के समग्र विकास के उद्देश्य से लंबे समय से किए जा रहे निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप इन दोनों मार्गों के निर्माण के लिए स्वीकृति प्राप्त हुई है। अनुपूरक बजट में खामनी.दहीहांडी.बड़सिंगी.मैथा मार्ग के 8.50 किलोमीटर लंबे निर्माण कार्य के लिए 11.90 करोड़ रुपए तथा शाहपुर.सुखपुरी मार्ग के 5.10 किलोमीटर लंबे निर्माण कार्य के लिए 17.50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन दोनों मार्गों के निर्माण से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी तथा हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मजबूत सडक़ नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होता है। इन दोनों मार्गों के निर्माण से गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों एवं जिला मुख्यालय से अधिक सुदृढ़ होगा। विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक शीघ्र पहुंच प्राप्त होगी तथा आम नागरिकों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का सबसे बड़ा लाभ किसानों को मिलेगा। कृषि उपज को मंडियों एवं बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी, परिवहन लागत कम होगी तथा समय की बचत होगी। इससे कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगीए ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी तथा स्थानीय व्यापार, रोजगार और लघु उद्योगों को भी नया विस्तार मिलेगा। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि इन दोनों मार्गों के निर्माण की मांग क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने इस मांग को शासन स्तर पर लगातार प्रमुखता से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अनुपूरक बजट में स्थान मिला। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद बुरहानपुर विधानसभा में विकास की गति और तेज होगी तथा ग्रामीण अंचलों की तस्वीर बदलने में ये सडक़ें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
इन दोनों सडक़ परियोजनाओं को अनुपूरक बजट में शामिल किए जाने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों में हर्ष का वातावरण है। ग्रामीणों ने इसे बुरहानपुर विधानसभा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस के प्रयासों की सराहना की तथा प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
