भिंड: जिले के बरासो थाना क्षेत्र के दौड़नपुरा गांव में लगुन फलदान उत्सव के दौरान हर्ष फायरिंग में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दौड़नपुरा गांव में रामरतन कुशवाहा के पुत्र श्यामू के लगुन फलदान उत्सव का आयोजन चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग की गई।
थाना प्रभारी मनोज रावत के मुताबिक समारोह के दौरान गुरुदेव कुशवाहा की रिवाल्वर को सुनील कुशवाहा ने लिया और गोलियां चलाने लगे। रिवाल्वर लोड करते वक्त अचानक गोली चल गई, जो वहां खड़े बंटी पुत्र जसवंत कुशवाहा के पेट में लगी और वहीं से निकलकर पास खड़े हिरदेश पुत्र रामस्वरूप कुशवाहा के पेट में जा घुसी।
दोनों को तुरंत उपचार के लिए भिंड जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हिरदेश को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। बंटी की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को आरोपी बनाया है।
