नयी दिल्ली, 16 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा सरकार में जन सामान्य के लिए इलाज लगातार महंगा होता जा रहा है इसलिए मेडिकल उपकरणों की कीमत तथा अस्पतालों द्वारा मरीजों से वसूली की व्यवस्था की राष्ट्रीय स्तर पर समीक्षा की जानी चाहिए।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आम लोगों के लिए चिकित्सा संकट नहीं बनें इसलिए सरकार को लोगों को कम दाम पर प्रभावी चिकित्सा उपलब्ध कराने के वास्ते राष्ट्रीय स्तर पर मेडिकल में वसूली की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पूरे तंत्र में पारदर्शी एवं प्रभावी नियमन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की जांच में 11.05 रुपये का आईवी सेट 325 रुपये में और 29.41 रुपये का कैथेटर मरीज को 310 रुपये में दिए जाने का मामला सामने आया है। उनका कहना था कि इन कीमतों में क्रमशः 2,841 प्रतिशत और करीब 954 प्रतिशत का अंतर है।
श्री रमेश ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीज के पास न तो कीमत तय करने की ताकत होती है और न ही तत्काल विकल्प चुनने की सुविधा इसलिए जरूरी मेडिकल उपकरणों की कीमत में इतना बड़ा अंतर केवल बाजार का मामला नहीं बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और नियमन का सवाल है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मेडिकल उपकरणों की कीमत, व्यापार मार्जिन और अस्पतालों द्वारा मरीजों से की जाने वाली वसूली की राष्ट्रीय स्तर पर तत्काल समीक्षा कर पारदर्शी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
