
नीमच/जावद। जावद कृषि उपज मंडी में मंगलवार रात ट्रक से माल खाली करने की मामूली बात को लेकर हम्मालों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। मंडी परिसर में अचानक हुई मारपीट से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद किसानों और व्यापारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार रात मंडी में लहसुन से भरी गाडिय़ों की काफी संख्या में आवक थी। इसी दौरान ट्रक से माल उतारने को लेकर एक हम्माल और एक बुजुर्ग के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि माल खाली करने को लेकर हम्माल ने बुजुर्ग के साथ बदसलूकी कर दी। यह बात वहां मौजूद अन्य हम्मालों को नागवार गुजरी और उन्होंने कथित रूप से बदतमीजी करने वाले हम्माल को घेर लिया।
इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन मारपीट के दौरान मंडी परिसर में मौजूद किसानों, व्यापारियों और अन्य मजदूरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अचानक हुए विवाद से लोग सुरक्षित स्थान की ओर जाने लगे।
भीड़ के बीच कुछ देर बनी रही अफरा-तफरी
मंडी में उस समय लहसुन की आवक अधिक होने के कारण बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, वाहन चालक और हम्माल मौजूद थे। ऐसे में मारपीट की घटना से माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। किसानों और व्यापारियों ने आगे आकर दोनों पक्षों को अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
घटना को लेकर मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक मारपीट के दौरान मंडी प्रशासन का कोई कर्मचारी अथवा सुरक्षाकर्मी तत्काल मौके पर नजर नहीं आया। भीड़भाड़ वाले समय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसानों और व्यापारियों ने चिंता जताई।
ऊटी लहसुन की आवक से मंडी में बढ़ी भीड़
इन दिनों जावद कृषि उपज मंडी में ऊटी लहसुन की अच्छी आवक हो रही है। मंगलवार रात भी बड़ी संख्या में लहसुन से भरी गाडिय़ां मंडी पहुंची थीं। माल की तुलाई, खाली कराने और अन्य कार्यों के लिए मंडी में किसान, व्यापारी और हम्माल बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसी भीड़ के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई।
घटना के बाद मंडी परिसर में कुछ समय तक चर्चा का माहौल बना रहा। हालांकि किसानों और व्यापारियों के हस्तक्षेप से विवाद आगे नहीं बढ़ा।
