रतनगढ़ में नशे की बड़ी खेप पकड़ी: बोलेरो नियो से 141.8 किलो डोडाचूरा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान की ओर ले जाया जा रहा 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डोडाचूरा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की बोलेरो नियो कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 21 लाख 27 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को रतनगढ़ थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम काकरिया तलाई की ओर से एक संदिग्ध बोलेरो नियो कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर उसकी जांच की। पुलिस को देखकर वाहन में सवार एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने वाहन चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान योगेंद्र सिंह उर्फ जॉनी पिता गोपाल सिंह राठौड़, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम संपु, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर, राजस्थान के रूप में हुई।

पुलिस ने बोलेरो नियो की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में डोडाचूरा मिला। जांच के दौरान कुल 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इसके अलावा करीब 8 लाख रुपए कीमत की बोलेरो नियो कार और करीब 30 हजार रुपए कीमत का रियलमी मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक वाहन में चालक की सीट के पास गणेश पिता हेमराज धाकड़, निवासी काकरिया तलाई भी बैठा हुआ था। पुलिस को देखकर गणेश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मामले में पुलिस ने आरोपी योगेंद्र सिंह उर्फ जॉनी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार गणेश धाकड़ की तलाश की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे राजस्थान में किसे पहुंचाया जाना था।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत एसपी नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में, एएसपी हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भावर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

डीटीसी चालकों की हड़ताल से दिल्ली की परिवहन व्यवस्था प्रभावित, कर्मचारियों की मांगें तत्काल सुलझाए सरकार- दिल्ली कांग्रेस

Wed Sep 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बस चालकों की वेतन संबंधी मांगों को लेकर चल रही हड़ताल पर चिंता जताते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा […]

You May Like