डीटीसी चालकों की हड़ताल से दिल्ली की परिवहन व्यवस्था प्रभावित, कर्मचारियों की मांगें तत्काल सुलझाए सरकार- दिल्ली कांग्रेस

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बस चालकों की वेतन संबंधी मांगों को लेकर चल रही हड़ताल पर चिंता जताते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि डीटीसी चालक और कर्मचारी दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की रीढ़ हैं। बड़ी संख्या में बसों के सड़कों से बाहर रहने के कारण छात्रों, कर्मचारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजाना बस से सफर करने वाले लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण दिल्ली की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है और कर्मचारियों की मांगों को समय रहते गंभीरता से नहीं सुना गया। उन्होंने कहा कि सरकार को डीटीसी कर्मचारियों के साथ तत्काल संवाद कर वेतन एवं सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में डीटीसी को दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का मजबूत आधार बनाया गया था, लेकिन बाद के वर्षों में भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकारों के दौरान इसकी लगातार अनदेखी हुई। उन्होंने डीटीसी को मजबूत करने के लिए कर्मचारियों के हितों की रक्षा, नियमित भर्ती, पर्याप्त बसों की उपलब्धता और बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने की मांग की।

 

 

Next Post

9वें राष्ट्रीय पोषण माह अंतर्गत पोषण प्रदर्शनी लगाई गई

Wed Sep 16 , 2026
शाजापुर,  कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के निर्देशन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी एवं सहायक संचालक सुश्री नीलम चौहान के मार्गदर्शन में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह अंतर्गत शासन से प्राप्त थीम आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा एवं विविधता पूर्ण गर्म पका भोजन अंतर्गत जागरूकता गतिविधियों का […]

You May Like