सीहोर। शासकीय महिला पॉलीटेक्निक के होस्टल में गुरुवार की रात छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में कोतवाली पुलिस लगातार साक्ष्य जुटा रही है. सूत्रों की मानें तो पुलिस को अहम साक्ष्य हाथ लगे हैं. गौरतलब है कि शहर के शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में अध्ययनरत प्रथम वर्ष की छात्रा रक्षा नायक ने गुरुवार की रात कॉलेज के होस्टल स्थित अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इस मामले में परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर संगीन आरोप लगाते हुए छात्रा के शव के साथ कलेक्ट्रेट में हंगामा भी किया था. उनका कहना था कि छात्रा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि किसी साजिश की शिकार हुई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए इसका जांच अधिकारी उप निरीक्षक किरण राजपूत को बनाया था. सुश्री राजपूत ने मृत छात्रा के परिजनों के अलावा वार्डन व अन्य छात्राओं के बयान भी लिए हैं. इसके अलावा बताया जाता है कि छात्रा के मोबाइल का पासवर्ड भी पुलिस ने ओपन कर लिया है और उसमें कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं. फिलहाल जांच अधिकारी सुश्री राजपूत ने विस्तृत जानकारी देने में असमर्थता जताते हुए बताया कि शीघ्र ही इस मामले में कुछ नए तथ्य सामने आ सकते हैं. सूत्रों की मानें तो छात्रा की पूर्व में सगाई भी हो चुकी है. मामले में पुलिस ने शाजापुर जिले के एक युवक से भी पूछताछ की है. हालांकि छात्रा की शार्ट पीएम रिपोर्ट में भी मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है.
