नयी दिल्ली, 31 जनवरी (वार्ता) महिला और बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर संयुक्त राष्ट्र सामाजिक विकास आयोग (सीएसओसीडी) के 64वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए न्यूयॉर्क का दौरा करेंगी। यह बैठक न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर 2 – 10 फरवरी तक चलेगी।
सामाजिक विकास आयोग संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (ईकोसॉक) के अंतर्गत काम करता है। यह सामाजिक विकास के मुद्दों पर अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करता है, जिसमें सामाजिक समावेश, समानता और कल्याण-उन्मुख नीतियां शामिल हैं।
सीएसओसीडी की वार्षिक बैठक सदस्य देशों को प्रगति की समीक्षा करने, अनुभव साझा करने और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करती है।
सीएसओसीडी के 64वें सत्र में भारत की भागीदारी सामाजिक विकास पर बहुपक्षीय प्रयासों के साथ उसके निरंतर जुड़ाव और वैश्विक सामाजिक नीति प्राथमिकताओं पर रचनात्मक संवाद के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह यात्रा संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ सामाजिक विकास से संबंधित मामलों पर बातचीत का अवसर भी प्रदान करेगी।
भारत को 2026-28 के कार्यकाल के लिए 54 सदस्यीय ईकोसॉक के लिए चुना गया है।
