मप्र कांग्रेस पीएसी बैठक: युवाओं, किसानों और ओबीसी अधिकारों के लिए तेज होगा प्रदेश व्यापी आंदोलन

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में करीब पांच घंटे तक चली महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों और प्रदेशव्यापी आंदोलनों की रूपरेखा भी तय की गई।

बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह वर्चुअल माध्यम से, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, कमलेश्वर पटेल, कांतिलाल भूरिया, सज्जन सिंह वर्मा और बाला बच्चन सहित वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद संयुक्त पत्रकार वार्ता में हरीश चौधरी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस युवाओं, छात्रों, किसानों, महिलाओं और ओबीसी के अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करेगी। उन्होंने कथित खाद संकट, उज्जैन में भ्रष्टाचार, राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े विवाद तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

चौधरी ने संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा को कांग्रेस की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जीतू पटवारी के खिलाफ कार्रवाई लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने छात्र संघों के प्रत्यक्ष चुनाव की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अप्रत्यक्ष चुनाव कराए गए तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस स्वच्छ, समृद्ध और सुरक्षित मध्यप्रदेश के विकल्प के रूप में जनता के सामने उभरेगी। दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत को उन्होंने बदलाव की राजनीति का संदेश बताया।

उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया की जीत से आगामी नगरीय निकाय चुनावों से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने परीक्षा में अनियमितताओं, पेपर लीक और कथित फर्जी नियुक्तियों के मुद्दे उठाते हुए 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण तथा आदिवासी अधिकारों की सुरक्षा की मांग की।

Next Post

सीजेपी ने सरकारी स्कूलों की सुविधाओं के सामाजिक ऑडिट के लिए शुरू किया अभियान

Tue Aug 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ग्रामीण भारत के सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे का आकलन करने और उसमें सुधार लाने के लिए एक राष्ट्रव्यापी नागरिक-नेतृत्व वाले अभियान की घोषणा की है। यह पहल नागरिकों, अभिभावकों और ग्राम नेताओं को एकजुट होकर […]

You May Like