श्रीनगर, (वार्ता) जम्मू कश्मीर में गंदेरबल जिला प्रशासन ने मणिगाम ट्रांज़ट कैंप में श्री अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों के लिए ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच शुरू कर दी है तथा प्रक्रिया में खामियां सामने आने के बाद चार शिक्षकों को निलंबित कर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा गया है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक गंदेरबल के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने ट्रांज़िट कैंप मणिगाम के नोडल अधिकारी (सहायक आयुक्त राजस्व) की सिफारिश पर बिलाल अहमद शेख, आबिद मोहि-उद-दीन भट, पीर मुदासिर और गौहर राशिद कुल्लू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जिला प्रशासन ने मणिगाम ट्रांज़ट कैंप में तीर्थयात्रियों के लिए ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से जुड़ी कुछ गड़बड़ियों का संज्ञान लिया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और इसमें संलिप्त पाये जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जायेगी। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों को सूचित किया कि सभी जरुरी दस्तावेज़ दिखाने और उनकी पुष्टि होने तथा जरुरी पात्रता मानदंडों को पूरा करने पर बालटाल आधार शिविर के ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन सेंटर पर ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है।
ज़िला प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों को सलाह दी है कि वे केवल अधिकृत रजिस्ट्रेशन सेंटर से ही रजिस्ट्रेशन करायें और आधिकारिक प्रक्रिया का सख्ती से पालन करें। तीर्थयात्रियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे दलालों, बिचौलियों या ऐसे अनधिकृत लोगों के झांसे में न आयें जो पैसे या किसी अन्य चीज के बदले पंजीयन कराने या कोई अनधिकृत मदद देने का दावा करते हैं। तीर्थयात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गड़बड़ी की सूचना तुरंत आधार शिविर के संबंधित अधिकारियों या गंदेरबल जिला नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गयी है।
