आरोपी युवक गिरफ्तार
सतना :मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र से दो महीने पहले लापता हुई किशोरी, पंजाब के लुधियाना शहर में मिली. पुलिस टीम ने किशोरी को दस्तयाब करने के साथ ही अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया.मैहर जिले के अमरपाटन थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी पिता द्वारा थाने में अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की शिकायत की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर लडक़ी की तलाश शुरु की गई.
लेकिन काफी प्रयास करने के बावजूद भी उसके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई. घटना के लगभग दो महीने बाद पुलिस को इस बात की जानकारी मिली कि लडक़ी पंजाब के लुधियाना शहर में है. लिहाजा फौरन ही पुलिस टीम को वहां के लिए रवाना कर दिया गया. पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से किशोरी को लुधियाना से दस्तयाब कर लिया.
लडक़ी ने अपने बयान में बताया कि ग्राम जुड़वानी का निवासी 27 वर्षीय युवक उसे बहला फुसलाकर भगा ले गया था. लुधियाना में बंधक बनाकर कर रखने के दौरान शादी का झांसा देकर युवक ने लडक़ी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने लगा. जिसे देखते हुए पुलिस ने बीएनएस सहित पाक्सो एक्ट के अंतर्गत आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
