गाजा, 14 फरवरी (वार्ता) मध्य गाजा के नुसीरात शरणार्थी शिविर में इजरायली के बिना फटे रॉकेट के विस्फोट से गुरुवार को एक 14 वर्षीय फिलिस्तीनी की मौत हो गई।
फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि विस्फोटक इंजीनियरों की एक टीम रॉकेट को नष्ट करने का प्रयास कर रही थी, जिसमें अचानक विस्फोट होने पर इसे सुरक्षा के लिए खतरा माना गया।
सूत्रों ने कहा, “विस्फोट के परिणामस्वरूप घटनास्थल पर मौजूद 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।”
शिविर में अल-अवदा अस्पताल ने बच्चे की मौत की पुष्टि की, जिसका शव विस्फोट के बाद अस्पताल लाया गया था।
यह घटना उस संकट के बीच हुई जिसमें हमास और इज़रायल के बीच नाजुक संघर्ष विराम के टूटने का खतरा है । हमास ने गुरुवार को कहा कि वह सहमति के अनुसार शनिवार को तीन और बंधकों को रिहा करेगा और मध्यस्थों के साथ बातचीत के बाद संघर्ष विराम समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
हालाँकि, इज़रायल ने इस बात से इनकार किया कि कोई समझौता हुआ है और गाजा पर हमले फिर से शुरू करने की अपनी धमकी वापस नहीं ली।
