
रीवा। विश्वविद्यालय थाना अन्तर्गत शुक्रवार को दयालू नगर में हुई अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही चोरी किये गये सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख नगदी भी बरामद कर ली है. हत्यारा कोई और नही बल्कि रिश्ते का देवर निकला, जिसने बैट से हमला कर भाभी को मौत के घाट उतार दिया था.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर घर में अकेली मृतिका नेहा सिंह पति रावेन्द्र सिंह थी और दोपहर आरोपी पुष्पेन्द्र सिंह पिता कमल सिंह निवासी ग्राम अटर्रा थाना नरैनी जिला बांदा यूपी घर पहुंचा. जहा किसी बात को लेकर उसका नेहा से विवाद होने लगा. जिस पर आरोपी ने मृतिका के घर में रखे बैट से सिर पर हमला कर दिया. हत्या के बाद मृतिका की आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात एवं एक लाख दस हजार रूपये लेकर फरार हो गया था. दरअसल आरोपी रिश्ते में देवर लगता है जिसके वजह से वह अक्सर नेहा के घर आता जाता था. पैसे के लिये हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात और 1 लाख 10 हजार नगदी बरामद कर ली गई है. खुलासा करते हुए एएसपी आरती सिंह ने बताया कि आरोपी मृतिका का रिश्ते में देवर लगता है और इसने हत्या कर घर में रखे जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गया था. आरोपी पुष्पेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया गया है.
