गैस त्रासदी के लिए कांग्रेस सरकारें जिम्मेदार, भाजपा सरकार जनता के प्रति संवेदनशील-विष्णुदत्त

इंदौर, 05 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि गैस त्रासदी के लिए कांग्रेस सरकारे जिम्मेदार है, भाजपा सरकार यह जनता के प्रति संवेदनशील है।

श्री शर्मा यहाँ मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के लिए यूनियन कार्बाइड कचरे को लेकर जनता को गुमराह कर रही है। गैस त्रासदी के लिए कांग्रेस की तत्कालीन सरकारें जिम्मेदार हैं। यूनियन कार्बाइड कचरे की जड़ में कांग्रेस पार्टी ही है। अदालत के आदेश पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भाजपा सरकार यूनियन कार्बाइड के कचरे का निष्पादन करा रही है। कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल कोरोना महामारी में भी भ्रम फैलाया, इसके बाद केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर भी भ्रम फैलाने की कोशिश की, अब फिर भ्रम फैला रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जनता को वस्तु स्थिति से अवगत कराएं और उन्हें बताएं कि इस कचरे को वैज्ञानिकों की निगरानी में निष्पादन किया जाएगा। प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पीथमपुर व आसपास की जनता को विपक्ष के भ्रामक प्रचार से बचाना होगा। जनता को कार्यकर्ता सही जानकारी देकर स्थिति बताएं। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि कोराना महामारी के समय भी कांग्रेस ने भ्रम फैलाया था। अब यूनियन कार्बाइड कचरे को लेकर भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता संवाद कर जनता को वस्तु स्थिति से अवगत कराएं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्स्थ के लिए देश और प्रदेश के हितों को दांव पर लगाना कांग्रेस की वर्षों पुरानी आदत है। भोपाल में गैस त्रासदी प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के कार्यकाल में हुई है। इसके बाद जो भी समस्याएं पैदा हुईं, वह केंद्र और राज्य की तत्कालीन कांग्रेस सरकारों के कारण पैदा हुई हैं। कांग्रेस ने हमेशा से राजनीतिक स्वार्थ के लिए जनता को भ्रमित करने, गुमराह करने का कार्य किया है। यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुरा में निष्पादन के मामले में भी कांग्रेस इसी तरह इंदौर, पीथमपुर और आसपास की जनता को गलत जानकारी देकर गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार इस विषय को लेकर जनता के प्रति संवेदनशील एवं संजीदा है। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने पहले ही साफ कर दिया है कि जनता के हित के विरूद्ध कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। यूनियन कार्बाइड कचरे की वैज्ञानिक जांच के बाद ही नष्ट करने के लिए इसे पीथमपुर भेजा गया है। भाजपा सरकार यह कार्य न्यायालय और वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में कर रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि यूनियन कार्बाइड कचरे का निष्पादन जनता की स्वीकारोक्ति और विश्वास में लेने के बाद ही किया जाएगा। कचरा जलाने को लेकर जनता की चिंताओं और भावनाओं को भी 6 जनवरी को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट के साथ अदालत के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद अदालत जो निर्देश देगी, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार जनता के साथ है। जन भावनाओं के विपरीत जाकर कोई कदम नहीं उठाएगी। जनता की सहमति जब तक नहीं मिल जाती यूनियन कार्बाइड का कचरा कंटेनरों में सुरक्षित रखा रहेगा, जैसे वर्षों तक भोपाल में सुरक्षित रखा था। पीथमपुर की घटना को लेकर कांग्रेस जिस प्रकार से राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है, वह दुर्भाग्यजनक है। कांग्रेस किसी भी तरह प्रदेश का सद्भावनापूर्ण वातावरण को बिगाड़ना चाहती है और इस बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा जनता को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। कांग्रेस जिस तरह झूठ और फरेब की राजनीति करना चाहती है, प्रदेश की जनता के बीच एक परसेप्शन बनाना चाहती है, उसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा और न ही प्रदेश का वातावरण बिगाड़ने दिया जाएगा।

श्री विजयवर्गीय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुरा में निष्पादन के मामले में भी कांग्रेस इसी तरह इंदौर, पीथमपुर और आसपास की जनता को गलत जानकारी देकर गुमराह कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के भ्रामक प्रचार को रोकने के लिए जनता को हकीकत बताएं कि मध्यप्रदेश सरकार अदालतों के आदेश व निर्देश पर विशेषज्ञों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार इस विषय को लेकर जनता के प्रति संवेदनशील एवं संजीदा है। कांग्रेस किसी भी तरह प्रदेश का सद्भावनापूर्ण वातावरण को बिगाड़ना चाहती है और इस बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा जनता को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने पहले ही साफ कर दिया है कि जनता के हित के विरूद्ध कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। यूनियन कार्बाइड कचरे की वैज्ञानिक जांच के बाद ही नष्ट करने के लिए इसे पीथमपुर भेजा गया है।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि कोरोना महामारी के समय भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का काम कांग्रेस व विपक्षी दलों ने किया था। भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुर में निष्पादित करने को लेकर भी विपक्षी दलों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता टोली बनाकर जनता से संवाद करेंं और अदालत के आदेश पर मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की सही जानकारी जनता को बताएं। भाजपा कार्यकर्ता जनजागरूकता अभियान के माध्यम से क्षेत्र की जनता को वस्तु स्थिति से अवगत कराएं कि भोपाल में 40 साल से कचरा सुरक्षित रखा था, कुछ नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर जनता को गुमराह करने के लिए जो दुष्प्रचार किया जा रहा है, उसका भाजपा कार्यकर्ता तथ्य पूर्ण जानकारी के साथ जवाब दें और जनता को बताएं कि पूरी प्रक्रिया अदालत के आदेश पर वैज्ञानिकों की निगरानी में की जा रही है।

इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री तुलसीराम सिलावट, सुश्री निर्मला भूरिया, नागर सिंह चौहान, प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार, संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिला अध्यक्ष गौरव रणदिवे सहित इंदौर संभाग के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

ग्वालियर में आईसीयू, सीटी स्कैन व अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों का लोकार्पण

Sun Jan 5 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email ग्वालियर, 05 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने यहां सिविल अस्पताल हजीरा में आईसीयू, सीटी स्कैन व अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों का हुआ लोकार्पण किया। श्री तोमर ने अपनी माताश्री श्रीमती सुधा तोमर के कर […]

You May Like

मनोरंजन