
ग्वालियर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र शिंदे की छावनी पर सड़क की बदहाली का नजारा देखने को मिला। सड़क पर बने दलदल में एक चार पहिया वाहन फंस गया, जिससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण शिंदे की छावनी मुख्य सड़क पर गहरे गड्ढों में पानी भर गया है और सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। शुक्रवार दोपहर एक चार पहिया वाहन इसी दलदल में फंस गया। चालक ने वाहन निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन पहिए कीचड़ में धंसते चले गए।
वाहन के बीच सड़क में फंसने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत न होने और नाली जाम होने के कारण यह स्थिति बनी है। थोड़ी सी बारिश में ही यहां जलभराव और कीचड़ की समस्या खड़ी हो जाती है। लोगों ने नगर निगम से जल्द सड़क दुरुस्त करने की मांग की है।
