
सतना। नववर्ष के उपलक्ष्य में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मैहर पहुंचे, जहां उन्होंने मां शारदा देवी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सपरिवार चित्रकूट दर्शन के उपरांत सड़क मार्ग से शाम लगभग 6 बजे मैहर पहुंचे। वहां से वे रोपवे के माध्यम से मंदिर पहुंचे और सपरिवार मां शारदा की पूजा-अर्चना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर के बाहर खड़े दर्शनार्थियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही माई की रसोई में दर्शनार्थियों को खिचड़ी प्रसाद का वितरण भी किया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने इंदौर में पेयजल से हुई लोगों की मौत की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा प्रभावित लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
