सोनी सब के कलाकारों ने बताया खेलों का महत्व

मुंबई, 26 अगस्त (वार्ता) खेल सिर्फ शारीरिक रूप से सक्रिय रहने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि तनाव कम करने, अनुशासन विकसित करने और रोजमर्रा की जिंदगी में मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सोनी सब के कलाकार अर्जुन पुंज, इकबाल खान, मुस्कान बामने, नितिन बाबू और समरिध बावा ने अपने पसंदीदा खेलों और फिटनेस से जुड़े अनुभव साझा किए।’यादें’ में डिग्गी का किरदार निभा रहे अर्जुन पुंज ने बताया कि वह हमेशा से खेलों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कई खेल खेले हैं और बास्केटबॉल में दिल्ली का जूनियर स्तर पर प्रतिनिधित्व भी किया है।

उन्होंने कहा कि आज भी जिम और रनिंग के अलावा वह सप्ताह में कम से कम दो दिन खेलों के लिए जरूर निकालते हैं। उनके अनुसार, खेलों ने उन्हें यह सीख दी है कि जिंदगी में हर बार जीत संभव नहीं होती और सफलता की तरह असफलताओं को भी संतुलन के साथ स्वीकार करना चाहिए। ‘यादें’ में डॉ. देव मेहता की भूमिका निभा रहे इकबाल खान ने बॉक्सिंग को अपना पसंदीदा खेल बताया। उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग शारीरिक और मानसिक दोनों स्तरों पर चुनौती देती है। इसका अनुशासन और फोकस उन्हें खास तौर पर पसंद है। उनके मुताबिक, बॉक्सिंग उन्हें सक्रिय रहने, तनाव कम करने और दिमाग को स्थिर रखने में मदद करती है।

‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में शनाया का किरदार निभा रहीं मुस्कान बामने ने बैडमिंटन के प्रति अपनी पसंद जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह खेल लगातार मूवमेंट में रखता है और इतना तेज व एनर्जेटिक है कि खेलते समय एक्सरसाइज करने जैसा महसूस नहीं होता। उनके अनुसार, व्यस्त दिन के बाद बैडमिंटन उन्हें सक्रिय रहने के साथ-साथ रिलैक्स होने का भी मौका देता है। इसी शो में अश्विन का किरदार निभा रहे समरिध बावा ने क्रिकेट को सक्रिय रहने के अपने पसंदीदा तरीकों में से एक बताया। उन्हें टेबल टेनिस खेलना भी पसंद है। उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस तेज गति और लगातार सतर्क रहने की जरूरत के कारण उन्हें खास पसंद है। दोनों खेल उनकी फिटनेस को मजेदार बनाए रखते हैं।

‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में चिराग की भूमिका निभा रहे नितिन बाबू ने फुटबॉल को अपने दिल के करीब बताया। उन्होंने कहा कि जब भी मौका मिलता है, वह फुटबॉल खेलना पसंद करते हैं। उनके अनुसार, यह उन्हें सक्रिय रखने के साथ उनकी प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी सामने लाता है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल उन्हें वर्कआउट की बजाय मनोरंजन जैसा लगता है, जिससे खेल का आनंद लेते हुए फिट रहना आसान हो जाता है। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर कलाकारों की ये बातें बताती हैं कि खेल फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन, एकाग्रता और संतुलन बनाए रखने का भी प्रभावी माध्यम हो सकते हैं।

.....

Next Post

बांदकपुर में कांवड़ यात्रा का भव्य अभिनंदन, जैन विद्वोदय परिवार और व्यापारी संघ ने पुष्प वर्षा व तिलक लगाकर किया स्वागत

Wed Aug 26 , 2026
बांदकपुर/दमोह। भेड़ाघाट से बांदकपुर धाम तक 121 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा पर निकले प्रदेश के राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी व उनके भाई सत्येंद्र सिंह, नितेंद्र सिंह सहित परिवार के सभी सदस्यों का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।जुझार घाट गांव से लेकर बांदकपुर तक के लिए यात्रा प्रभारी बांदकपुर सरपंच […]

You May Like