
मंडला। जिले के एनएच 30 पर टिकरिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात कुडामैली के पास एक अज्ञात वाहन ने बुलेट को टक्कर मार दी। हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान राजीव कॉलोनी मंडला निवासी जुनैद और बम्हनी निवासी प्रद्युम्न के रूप में हुई है। तीसरा युवक जुबैर खान गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे पहले जिला चिकित्सालय लाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया।
टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले के अनुसार, तीनों युवक वाहन मैकेनिक थे। वे पार्ट्स खरीदने के लिए मंडला से जबलपुर जा रहे थे। हादसा तब हुआ, जब बुलेट एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इस दौरान सामने से आ रहे वाहन से टक्कर हो गई। सूचना पर टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए नारायणगंज स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
