वीर सपूत को अंतिम सम्मान देने उमड़ा जनसैलाब; पत्नी ने सैन्य परंपरा अनुसार अर्पित की श्रद्धांजली, परिवार और दोस्तों का था बुरा हाल।
जयपुर , 17 जून (वार्ता): केदारनाथ में हुए दर्दनाक हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले पायलट राजवीर सिंह को आज नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। उनके पैतृक निवास स्थान पर आयोजित अंतिम संस्कार में सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी गई, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान सबसे मार्मिक दृश्य वह था जब उनकी पत्नी ने सेना की वर्दी पहनकर, अश्रुपूर्ण नेत्रों से अपने वीर पति को अंतिम विदाई दी।
पायलट राजवीर सिंह की शहादत ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। अंतिम संस्कार के समय माहौल बेहद गमगीन था। परिवार के सदस्यों, दोस्तों और सहकर्मियों का रो-रोकर बुरा हाल था। उनकी पत्नी, जो स्वयं भी सैन्य पृष्ठभूमि से आती हैं, ने अपने पति को सैन्य परंपरा के अनुसार अंतिम विदाई देने का निर्णय लिया। उनकी यह भावुक विदाई हर किसी की आँखें नम कर गई। राजवीर सिंह ने केदारनाथ धाम की यात्रा को सुगम बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया था, और उनकी आकस्मिक मृत्यु ने इस क्षेत्र में एक बड़ी क्षति पहुंचाई है।

