सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में होने वाले रूद्राक्ष महोत्सव एवं शिवमहापुराण कथा के दृष्टिगत प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने समीक्षा बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की तथा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयोजन समिति को आवश्यक निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि कथा में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था, असुविधा अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो. समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य सुनिश्चित करें. यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या न बने. पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन, अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारण, ऑटो स्टैंड व्यवस्था, स्टैंड तक सुगम ढलान निर्माण तथा वाहनों की सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जाए. उन्होंने अनाउंसमेंट सिस्टम सतत संचालित रखने तथा फायर ब्रिगेड, अग्निशमन उपकरण व आपातकालीन व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए.
उन्होंने नेटवर्क व्यवस्था, संचार प्रणाली एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम प्रसारण व सूचना संप्रेषण सुचारू रखने के निर्देश दिए. बैठक में भोजनशाला, कथा पंडाल, प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, कंट्रोल रूम एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई. बैठक में आरएसएस प्रमुख हेमंत सेठिया, विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने आवश्यक सुझाव भी दिए. इस दौरान कलेक्टर बालगुरू के, एसपी दीपक कुमार शुक्ला, सीईओ सर्जना यादव, एसडीएम तन्मय वर्मा, डिप्टी कलेक्टर प्रेमसिंह गौड आदि मौजूद थे.
