ब्यावरा। हाईवे, स्टेट हाइवे, चौराहों ही नहीं नगर के बीच मुख्य मार्गो से बेतरतीब तरीके से यातायात नियमों को ताक पर रखकर ओव्हर लोडिंग वाहनों को आते-जाते हुए देखा जा सकता है, क्षमता से कहीं अधिक माल ले जाते इन भारी वाहनों से यातायात बाधित होने के साथ ही दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
उल्लेखनीय है कि कई ट्रक व अन्य भारी वाहनों में क्षमता से दोगुना माल लोड कर ले जाया जाता है. साथ ही ट्रक, पीकअप, ट्रेक्टर ट्रॉली आदि वाहनों में भूसा भरकर ले जाया जाता है, इतना अधिक माल भर लिया जाता है कि जब ये वाहन सडक़ से गुजरते है तो आसपास काफी जगह घेर लेते है, इससे वाहन चालकों को परेशानी होकर दुर्घटना का डर बना रहता है. ऊपर की और भी इतना माल भर लिया जाता है कि इनके ऊपर से गुजरने वाली विद्युत लाइन से टकराने का भी खतरा बना रहता है. बुधवार की शाम को ऐसा ही भूसे से भरा एक ट्रक सुठालिया बायपास से होकर गुना रोड होते हुए रेलवे तिराहे की और जा रहा था. नगर के बीच से होकर गुजर रहे इस वाहन के कारण यातायात बाधित होता रहा.
बिजली के झूलते तारों से भी खतरा
भूसा व अन्य सामान से लोड वाहन कई बार इतने अधिक ओव्हर लोड होते है कि ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के तारो में इनके उलझने का डर बना रहता है. साथ ही ओव्हरलोड के कारण आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. कई बार ऐसे ओव्हर लोडिंग वाहनों के तार से टच होते ही आगजनी की घटनाएं हो चुकी है.
कार्यवाई नहीं होने से हौंसले बुलंद
प्राय: नगर के मध्य एवं हाईवे व प्रमुख मार्गो से होकर गुजरने वाले ओव्हर लोडिंग वाहन जहां दुर्घटना के हालातों को आमंत्रण देते हुए नजर आ जाते है, ओव्हर लोडिंग वाहनों को देख हर कोई स्तब्ध रह जाता है वहीं यातायात के नियमों को तोडऩे वालों के विरुद्ध किसी प्रकार की कोई कार्यवाई नहीं होने से ऐसे लोगों के हौंसले बुलंद है.
