सतना :पिछले 10 दिनों की खामोशी के बाद शनिवार से बादल एक बार फिर मेहरबान हो गए हैं. शनिवार से रुक रुक हो रही बारिश का सिलसिला अगले दिन भी जारी रहा. जिसके चलते 24 घंटे में शहर में 100 मिी से अधिक बारिश दर्ज कर ली गई.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार से बदलीे मौसम के मिजाज के चलते रविवार की सुबह तक 91.6 मिमी बारिश दर्ज कर ली गई. इसी कड़ी में रविवार की सुबह से लेकर शाम तक 7.3 मिमी बारिश दर्ज की गई.
जिसके बाद भी बारिश का क्रम नहीं रुका और रुक रुक कर कभी झमाझम तो कभी रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं. बदले हुए मौसम के चलते रविवार को दिन का तापमान शनिवार की तुलना में 2.4 डिग्री नीचे गिरते हुए 26.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. इसी कड़ी में शनिवार की तुलना में रविवार को न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिली.
मौसम में घुली ठंडक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर घटकर महज 2.4 डिग्र्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं बारिश का दौर शुरु होते ही एक ओर जहां सतना और टमस नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ता नजर आने लगा. वहीं दूसरी ओर जिले के चित्रकट क्षेत्र में गुप्त गोदवरी की गुफा में जल स्तर बढ़ता देख उसे यात्रियों के लिए बंद करने की नौबत आ गई. बारिश के चलते मौसम में घुली ठंडक से भले ही विद्युत की खपत खासी घट गई हो. लेकिन इसके बावजूद भी शहर सहित जिले भर में अघोषित कटौती का दौरा जारी रहा.
