नैनीताल, 25 जून (वार्ता) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ यहां कुमाऊं विश्वविद्यालय में एक समारोह के दौरान अचानक असहज महसूस करने लगे जिसके बाद उन्हें तुरंत राजभवन ले जाया गया।
उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि श्री धनखड़ अब पूर्ण रूप से स्वस्थ है और घबराने की कोई जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा, “आज उपराष्ट्रपति कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में आये थे और उनका बहुत अच्छा उद्बोधन रहा। इस दौरान उनका स्वास्थ्य थोड़ा सा गड़बड़ हो गया था, लेकिन अब वह बिल्कुल स्वस्थ हैं। मैं अभी उन्हें देखने गया था, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी वहां गयी थी। किसी को घबराने की कोई जरुरत नहीं है। मुझे लगता है कि उनके जो जो कार्यक्रम हैं वे यथावत रहेंगे।”
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपराष्ट्रपति अपने संबोधन के बाद मंच से उतरकर आग्रिम पंक्ति में बैठे लोगों से मिल रहे थे। इसी दौरान वह कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद महेन्द्र पाल से मिले जो 1989 में संसद में उनके साथ रहे थे। दोनों गले मिले और दोनों ही भावुक हो गये। इसी दौरान श्री धनखड़ अचानक असहज महसूस करने लगे।
इसके बाद श्री धनखड़ तुरंत राज्यपाल लेफ्निेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह के साथ राजभवन रवाना हो गये।
उपराष्ट्रपति तीन दिवसीय दौरे पर आज सुबह हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी पहुंचे थे और सड़क मार्ग से नैनीताल आये थे। यहां उनके कई कार्यक्रम निर्धारित हैं।
