तेल अवीव/हाइफ़ा, 30 मार्च (वार्ता) इजरायल के उत्तरी शहर हाइफ़ा स्थित बाज़ान तेल रिफाइनरी में सोमवार को अवरोधित मिसाइल के मलबे के गिरने से औद्योगिक भवन और एक ईंधन टैंकर प्रभावित हुए। टाइम्स ऑफ इज़रायल ने अग्निशमन एवं बचाव सेवा के हवाले से यह जानकारी दी है। अधिकारियों के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मिसाइल ईरान से दागी गई थी या लेबनान में ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह द्वारा दागी गयी। गनीमत रही है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
अग्निशमन सेवा ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में खड़े एक टैंकर पर मलबा गिरने से आग लग गयी और पास की इमारत की छत से घना धुआं उठता दिखाई दिया। दमकलकर्मी आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के साथ-साथ संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने कहा कि उत्पादन सुविधा केन्द्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और ईंधन आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है।

