ग्वालियर: सेना की अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीयन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब कॉमन एंट्रेंस परीक्षा जून में आयोजित करने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। प्रवेश परीक्षा के बाद शारीरिक परीक्षा जुलाई-अगस्त में होगी। सेना ने भर्ती रैली के लिए मैदान पर चर्चा करने के लिए प्रशासन से समय मांगा है।विगत वर्ष सेना को भर्ती रैली के लिए दिव्यांग स्टेडियम दिया गया था.
लेकिन भर्ती रैली के ठीक पहले दिव्यांग स्टेडियम की मंजूरी निरस्त कर दी गई थी, जिससे ग्वालियर में 10 साल बाद अगस्त में होने वाली भर्ती निरस्त कर दी गई थी। बाद में भर्ती रैली सागर में हुई थी। इस बार सेना ने भर्ती रैली के लिए दिव्यांग स्टेडियम के पास ही प्रदेश सरकार के खेल परिसर की मांग की है।सेना की अग्निवीर भर्ती के लिए फिर से कवायद शुरू हो गई है।
भर्ती के लिए अभ्यार्थियों के पंजीयन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। ग्वालियर सेना भर्ती कार्यालय द्वारा ग्वालियर में भर्ती परीक्षा 2014 के बाद नहीं हुई है। 2014 में मेला मैदान में भर्ती परीक्षा में उपद्रव के बाद ग्वालियर में भर्ती परीक्षा नहीं हुई है। सेना की भर्ती में पूर्व में 80 हजार से भी अधिक युवा शामिल होते थे, लेकिन ग्वालियर में भर्ती रैली न होने के कारण युवाओं की संख्या भर्ती में कम होती गई।
