सागर: स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आज संभागीय मुख्यालय सागर के पीटीसी ग्राउंड में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि कलेक्टर संदीप जी.आर. ने प्रातः 9:00 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ परेड की सलामी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री का प्रदेश के नाम संदेश वाचित किया गया।
मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और हर्ष फायर के बीच आसमान में गुब्बारे उड़ाकर शांति का संदेश दिया गया। मार्चपास्ट में विभिन्न प्लाटूनों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
समारोह के दौरान प्रशस्ति पत्रों का वितरण और आभार प्रदर्शन भी किया गया। पीटीसी ग्राउंड में पेयजल, बैठक व्यवस्था और लाइव प्रसारण सहित सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली गई थीं, जिससे समारोह में उत्साह और गरिमा दोनों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
