
ब्यावरा। मई माह के शुरुआत में भीषण गर्मी का प्रकोप प्राय: होता है किंतु इस बार मौसम का मिजाज बदला हुआ है. विगत दिवस से जिले में तेज आंधी, बारिश का सिलसिला चल रहा है. सोमवार को दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और जिले में कई जगह पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी तथा कुछ जगह पर ओले भी गिरे.
सोमवार की सुबह से तेज गर्मी के बीच दोपहर बाद एकाएक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते बारिश होने लगी. कहीं पर तेज तो कहीं मध्यम बारिश हुई. नगर में भी दोपहर बाद से बारिश का क्रम शुरु हो गया जो रुक-रुककर रात्रि तक चलता रहा.
नरसिंहगढ़ में तेज बारिश के साथ गिरे ओले
नरसिंहगढ़ नगर में शाम के समय करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई. चहुंऔर पानी ही पानी हो गया. बारिश के बीच ही चने के आकार के ओले भी गिरना शुरु हो गये. इसी प्रकार उदनखेड़ी क्षेत्र के ग्राम नारानिया में भी ओले गिरे. पचोर में भी ओले गिरने की जानकारी है. सुठालिया में भी तेज बारिश हुई. राजगढ़ सहित अन्य स्थानों पर भी बारिश हुई है.
अधिकतम तापमान 37 पर आया
सोमवार को राजगढ़ जिले का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री पर आ पहुंचा. जबकि एक दिन पूर्व रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री पर था. बदले मौसम के कारण तापमान में काफी गिरावट आयी है. प्राय: मई माह के इन दिनों में जिले का अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच बना रहता है. किंतु भीषण गर्मी वाले मई माह के शुरु होते ही मौसम का मिजाज बदला और देखते ही देखते जिले के कई स्थानों पर तेज आंधी के साथ बारिश का सिलसिला चल रहा है.
