नयी दिल्ली, 08 जनवरी (वार्ता) दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने गुरुवार को कहा कि यह देश संतों की भूमि है और संतों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने वालों को न तो छोड़ा जाएगा और न ही माफ किया जाएगा। श्री सिंह ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देश संतों की भूमि है और संतों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने वालों को न तो छोड़ा जाएगा और न ही माफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संतों ने देश और धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। ऐसे में उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी निंदनीय है और इसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार भारतीय संस्कृति, परंपरा और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सनातनियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदूषण के मुद्दे पर नेता विपक्ष आतिशी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि दिल्लीवासी अच्छी तरह देख और समझ रहे हैं कि नेता प्रतिपक्ष प्रदूषण जैसे गंभीर विषय को लेकर कितनी संवेदनशील हैं। श्री इन्द्राज ने कहा कि 11 वर्षों तक दिल्ली में प्रदूषण को लेकर लापरवाही बरतने वाली सरकार अब राजनीति कर रही है। वर्तमान सरकार जब प्रदूषण जैसे गंभीर विषय पर चर्चा और समाधान चाहती है, उसी समय नेता प्रतिपक्ष का गोवा टूर पर चले जाना यह दर्शाता है कि उन्हें जनता की समस्या से नहीं बल्कि सिर्फ राजनीति से मतलब है।

