जबलपुर: हाईकोर्ट में दायर अपील की सुनवाई आगे बढ़ाये जाने का आग्रह करने पर हाईकोर्ट जस्टिस विवेक अग्रवाल तथा जस्टिस ए के सिंह ने तल्ख टिप्पणी करते हुए अपने आदेश में कहा है कि बार एसोसिएशन के चुनाव हारने के सदमे के कारण अधिवक्ता बहस के लिए उपस्थित नही हुआ है।गौरतलब है कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में तहत चार साल की सजा से दंडित किये जाने के कारण पेंशन नही दिए जाने को चुनौती देते हुए दशरथ कुमार की तरफ से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी थी। हाई कोर्ट द्वारा याचिका खारिज किये जाने के कारण उनकी तरफ से अपील दायर की गयी थी। अपील की सुनवाई के दौरान उनके अधिवक्ता ओम शंकर पांडे के आग्रह पर युगलपीठ ने अपील पर 19 अगस्त को सुनवाई निर्धारित की गयी थी।
अपील की सुनवाई के दौरान उपस्थित अधिवक्ता रजनी मिश्रा की तरफ से उनके सीनियर के उपस्थित नहीं होने के कारण सुनवाई बढ़ाये जाने का आग्रह किया गया। युगलपीठ ने अपने आदेश में कहा है कि लगता है कि बार एसोसिएशन का चुनाव हारने के कारण अधिवक्ता बहस के लिए उपलब्ध नही है। युगलपीठ ने उक्त टिप्पणी के साथ गुरुवार 20 अगस्त को सुनवाई निर्धारित की थी। गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान युगलपीठ ने शासकीय अधिवक्ता को निर्देशित किया है कि संबंधित याचिकाओं में एफआईआर से सजा होने तक तथा पूर्व में ऐसे मामले में पारित आदेश के संबंध में जानकारी प्रस्तुत करें। अपील पर अगली सुनवाई 9 सितम्बर को निर्धारित की गयी है। सरकार की तरफ से अधिवक्ता मानस मणि वर्मा उपस्थित हुए।
