
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टैंकर चालक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि परिचालक भी घायल हुआ है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 100 टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल छिंदवाड़ा पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार टैंकर भोपाल डिपो से डीजल भरकर छिंदवाड़ा की ओर आ रहा था। दोपहर करीब तीन बजे मोहखेड़ क्षेत्र में हाईवे से गुजरते समय अचानक टैंकर अनियंत्रित हो गया। वाहन लहराते हुए सड़क किनारे पलट गया। टैंकर के पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लावाघोघरी थाना क्षेत्र की डायल 100 टीम के पायलट दिलीप पवार और एएसआई मार्को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टैंकर के केबिन में फंसे चालक और परिचालक को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। दोनों के घायल होने के कारण पुलिस ने उन्हें शासकीय वाहन से जिला अस्पताल भेजा।
डीजल से भरे टैंकर के पलटने के बाद पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी अथवा चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
